इंस्टाग्राम पर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया
1 min read

इंस्टाग्राम पर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाया

  • दुष्कर्म के बाद वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
  • चौबीस घंटे में बिजनौर से आरोपी गिरफ्तार
    #हरिद्वार कनखल थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम के जरिए नाबालिग से दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसाने घर पहुंच कर दुष्कर्म करने और फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को चौबीस घंटे के भीतर बिजनौर से गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर कनखल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रात में ही पुलिस टीम को बिजनौर रवाना किया था।

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को कनखल निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी नाबालिग बेटी की इंस्टाग्राम के माध्यम से अजय नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने नाबालिग से मिलने का दबाव बनाया। आरोप है कि घर में किसी के नहीं होने पर आरोपी वहां पहुंचा और नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद फोटो और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां को देने के बाद महिला की तहरीर पर थाना कनखल में पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। महिला संबंधी अपराध की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम ने रात में बिजनौर के लिए रवाना होकर ग्राम नारायणवाला थाना रेहड़ बिजनौर में दबिश दी । 17 सितंबर को आरोपी अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार निवासी नारायणवाला थाना रेहड़ जिला बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक सीमा आर्य, अपर उपनिरीक्षक मुकेश धीमान व हेड कांस्टेबल रविन्द्र तोमर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *