वकील के कहने पर मारपीट करने वाले चार गिरफ्तार
1 min read

वकील के कहने पर मारपीट करने वाले चार गिरफ्तार

हरिद्वार  ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने पड़ोसी को मारपीट कर डराने-धमकाने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि एक वकील के कहने पर उन्होंने युवक के साथ मारपीट की थी।
पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी ने कोतवाली रानीपुर में तहरीर देकर बताया था कि वह सुबह अपने घर से बीएचईएल ड्यूटी के लिए जा रहा था। सेक्टर-5बी खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अज्ञात युवकों ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की। आरोपियों ने उसे संदीप वर्मा नामक व्यक्ति को पांच लाख रुपये देने और जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की सुरागरसी शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने चार आरोपियों को न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड गुजर बस्ती से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान (23) निवासी मौजमपुर सदात, थाना नजीबाबाद, आकाश (22) निवासी जुल्फकारपुर गढ़ी नजीबाबाद, ऋषभ (21) निवासी ढाकी हुसैनपुर, नजीबाबाद और हिमांशु (21) निवासी जगदीशपुर, नजीबाबाद के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके एक परिचित ने सिडकुल में नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने का झांसा देकर उन्हें मोहित चौधरी के पड़ोसी अधिवक्ता संदीप वर्मा से मिलवाया था। आरोपियों के मुताबिक संदीप वर्मा का मोहित से पहले से विवाद था। उसने आरोपियों से मोहित को ड्यूटी जाते समय मारपीट कर डराने-धमकाने को कहा और खर्चे के लिए तीन हजार रुपये दिए। आरोपियों ने बताया कि 13 अगस्त की सुबह उन्होंने दो मोटरसाइकिलों से मोहित का पीछा किया। सेक्टर-5 खोखा मार्केट, बीएचईएल के पास सुनसान स्थान देखकर उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल कर आगे जंगल में फेंक दी और वहां से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, प्रेम सिंह और महेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *