निहंगों के उत्तराखण्ड कूच के बाद हिमाचल बाॅर्डर पर हाई अलर्ट
1 min read

निहंगों के उत्तराखण्ड कूच के बाद हिमाचल बाॅर्डर पर हाई अलर्ट

-भारी पुलिस बल तैनात
देहरादून। गुरूवार को निहंगों ने उत्तराखंड कूच के एलान को देखते हुए उत्तराखंड के देहरादून जिले में हिमाचल बॉर्डर पर हाई अलर्ट किया गया है। राज्य की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिमाचल से सटे विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चैबंद कर दिया गया है। निहंगों की संभावित आवाजाही की सूचनाओं के मद्देनजर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। एक तरह के हिमाचल बॉर्डर से लगे क्षेत्र को अस्थायी पुलिस छावनी का स्वरूप में बदल दिया गया है।
देर रात से लेकर सुबह तड़के तक पुलिस की अलग-अलग टीमें नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। अधिकारियों को स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं।
देहरादून की विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सबसे अधिक सख्त दिखाई दी। यहां भारी संख्या में उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान तैनात किए गए हैं। देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार किसी भी समूह को बिना आवश्यक जांच और अनुमति के उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
मौके पर एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहकर सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है। वहीं डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। यह क्षेत्र उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *