मसूरी में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही
1 min read

मसूरी में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्यवाही

-चार दुकानें ध्वस्त
देहरादून। सोमवार सुबह मसूरी में प्रशासन ने अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए झूलाघर क्षेत्र स्थित चार दुकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया। मसूरी पब्लिक स्कूल के सामने हुई इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान एमडीडीए, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
एसडीएम मसूरी राहुल आनंद के निर्देश पर तहसीलदार उपेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। यहां रॉक स्टोन, अपर झूलाघर क्षेत्र में संजय मेहरोत्रा व राजीव मेहरोत्रा की ओर से किए गए अनधिकृत निर्माण के मामले में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। संबंधित प्रकरण में सुनवाई के बाद 17 अगस्त 2026 को ध्वस्तीकरण आदेश जारी किया गया था, जिसकी प्रति संबंधित पक्ष को 19 अगस्त को प्राप्त कराई गई थी।
आदेश में संबंधित पक्ष को 15 दिन के भीतर स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित अवधि दो सितंबर को समाप्त हो गई, लेकिन निर्माण नहीं हटाया गया। प्रशासन के अनुसार ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ फिलहाल कोई स्थगनादेश भी प्राप्त नहीं हुआ था। इसके बाद एमडीडीए ने सोमवार को पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता की ओर से ध्वस्तीकरण आदेश के खिलाफ कमिश्नर के समक्ष अपील की गई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इसके बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *