गुरूवार को अचानक उफान पर आई सूखी नदी
1 min read

गुरूवार को अचानक उफान पर आई सूखी नदी

-रपटे के बीच खड़ी दो कारें बही
हरिद्वार। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते खड़खड़ी में सूखी नदी गुरुवार को अचानक से उफान पर आ गई। इस दौरान नदी के बीच रपटे पर खड़ी दो कारें पानी के तेज बहाव में बह गई। कार बहने की घटना से मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचीं और कार को जेसीबी व क्रेन की मदद से बमुश्किल बाहर निकाला।
हरिद्वार के सूखी नदी में वाहन बहने की यह घटना कोई नई नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां बाहर से आने वाले यात्रियों के वाहन बहने की घटनाएं घट चुकी हैं। इसलिए कुंभ मेले के बजट से यहां नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। अभी निर्माण कार्य चल रही रहा था कि गुरुवार को अचानक तेज बारिश हुई। बारिश के बीच नदी में अचानक पानी आ गया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, दोनों कारें रपटे से नीचे बह गई। गनीमत रही कि आगे गंगा नदी में पानी कम था और कारें रपटे से नीचे उतरकर फंस गई।
बता दें कि सूखी नदी खड़खड़ी श्मशान घाट के पास सीधा गंगा में मिलती है और अक्सर पहाड़ी पर भारी बारिश होते ही इसमें तेज बहाव के साथ उफान आ जाता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार भी कुछ लोग श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार के लिए एकत्र हुए थे और उनकी गाड़ियां सूखी नदी के रपटे पर खड़ी थी। कारें बहने की घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया था। पानी का बहाव तेज होने के कारण किसी ने जोखिम नहीं उठाया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पानी का बहाव कम होने के बाद दोनों वाहनों को जेसीबी और क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इस बार कांवड़ मेले में सूखी नदी पर पुल का निर्माण नहीं हो पाया, लेकिन निर्माण कार्य जारी है। उम्मीद है कि आने वाले कुंभ मेले से पहले पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सूखी नदी के पास वाहन खड़ा न करने के चेतावनी बोर्ड लगे हैं। फिर भी लोग रपटे पर वाहन खड़ा करके श्मशान घाट चले जाते हैं। बरसात के दिनों में यहां वाहन खड़े करना, जोखिम से कम नहीं है। इस मामले में हरिद्वार के एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बहते हुए वाहनों को बाहर निकाला गया। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि कोई भी यात्री सूखी नदी में वाहन न खड़े करें, प्रशासन द्वारा निर्धारित पार्किंग में ही अपने वाहनों को पार्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *