दो अलग-अलग कार्यवाही में छह नशा तस्कर गिरफ्तार
1 min read

दो अलग-अलग कार्यवाही में छह नशा तस्कर गिरफ्तार

रूद्रपुर। जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सितारगंज पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 150 ग्राम अफीम, 162 ग्राम चरस और 9.32 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने एक कार, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं। सभी आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में गुरुवार को कस्बा प्रभारी एसआई कैलाश सिंह देव पुलिस टीम के साथ बिजटी रोड स्थित थारू बघोरी पुलिया के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार जसनदीप सिंह उर्फ जस्सी निवासी अमरिया, पीलीभीत को 150 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया।कुछ देर बाद दूसरी मोटरसाइकिल से जा रहे विपिन कुमार निवासी न्यूरिया, पीलीभीत को 4.26 ग्राम स्मैक के साथ दबोच लिया गया। दोनों के विरुद्ध कोतवाली सितारगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी पंजीकृत की गई। इसी रात चैकी सिडकुल प्रभारी एसआई जगत सिंह साही ने पुलिस टीम के साथ सिडकुल रोड पर चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली।कार में सवार निखिल आर्य, लोकेश कुमार और सूरज आर्य के कब्जे से 162 ग्राम चरस बरामद हुई, जबकि चन्द्रशेखर आर्य के पास से 4.26 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने चारों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत की गई है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान यूके04एएस-2622 नंबर की एक कार, दो मोटरसाइकिल, जिनके चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर घिसे हुए मिले और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद वाहनों की भी जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीले पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किन क्षेत्रों में आपूर्ति किया जाना था। पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *