भूस्खलन से कैमल बैक रोड का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त
1 min read

भूस्खलन से कैमल बैक रोड का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त

मसूरी। कैमल बैक रोड जाने वाले मार्ग पर कृष्णा पैलेस होटल के सामने सड़क का बड़ा हिस्सा भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गया। इससे सड़क के नीचे का बेस पूरी तरह खिसकने से मार्ग कभी भी धंस सकता है। जिसे देखते हुए नगर पालिका प्रशासन और पुलिस ने तत्काल सड़क को पूरी तरह बंद कर दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है। इस मामले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे हुए भारी भू-स्खलन के कारण सड़क का बेस काफी हद तक खाली हो चुका है। यदि इस हिस्से से कोई वाहन गुजरा तो सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी धंस सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। इसी आशंका को देखते हुए फिलहाल यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।
पालिका अध्यक्ष ने सड़क की स्थिति के लिए हाल में क्षेत्र में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइनों के कार्य और पानी की निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि सड़क के आसपास जल निगम और जल संस्थान की कई पेयजल लाइनें लीक कर रही हैं। पानी जमीन के भीतर जाने से मिट्टी कमजोर हुई और सड़क का बेस खोखला होता चला गया। वहीं, पूर्व में पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क की मरम्मत और समुचित भरान की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को रविवार सुबह यानि आज मौके पर बुलाया गया है। दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ स्थिति का निरीक्षण कर जल्द ही सड़क को सुरक्षित करने और क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
क्षतिग्रस्त हुआ मार्ग स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसी रास्ते से कई प्रमुख होटलों तक पहुंच होती है। इसके अलावा पालिका अध्यक्ष का आवास और एसडीएम मसूरी का आवास भी इसी क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में सड़क के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों और होटल कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *