भारी बारिश से दून के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात
1 min read

भारी बारिश से दून के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात

-कई घरों में घुसा पानी
देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर से बारिश ने तांडव मचा रखा है। मूसलाधार बारिश के बाद देहरादून जिले के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बरसाती नालों और नदी-नालों का बहाव अचानक तेज हो गया। विकासनगर के हरबर्टपुर में बारिश का पानी कई घरों में घुस गया। हालात बिगड़ने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और ट्रैक्टर की मदद से पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। विकासनगर के हरबर्टपुर क्षेत्र में देर रात हुई तेज बारिश के बाद हालात अचानक बिगड़ गए। कई इलाकों में बारिश का पानी घरों में घुस गया। पानी बढ़ने के कारण लोगों के सामने घरों से बाहर निकलने की चुनौती खड़ी हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
पानी के तेज बहाव के बीच लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए ट्रैक्टर का सहारा लिया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। बारिश के कारण कुछ इलाकों में सड़कें भी जलमग्न हो गईं और सामान्य आवाजाही प्रभावित हुई। मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। देहरादून सदर समेत सभी तहसीलों में आसमान बादलों से ढका रहा। जिला प्रशासन की मौसम संबंधी सूचना के अनुसार, सदर, कालसी, ऋषिकेश, डोईवाला, विकासनगर और त्यूनी तहसीलों में बादल छाए रहे। वहीं चकराता तहसील और मसूरी थाना क्षेत्र में बादलों के साथ कोहरा भी रहा। पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरे के कारण वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की जरूरत है। देहरादून में फिलहाल आपदा से संबंधित कोई असामान्य स्थिति सामने नहीं आई है। संबंधित अधिकारियों की ओर से जनपद में आपदा से जुड़ी स्थिति सामान्य होने की सूचना दी गई है। प्रशासन मौसम पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *