अलकनंदा में बहकर युवक लापता
1 min read

अलकनंदा में बहकर युवक लापता

-तलाश जारी
चमोली। मंगलवार को जिले के कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में तैरने उतररा एक व्यक्ति बह गया। व्यक्ति के बहने की सूचना पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस का नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। बहे व्यक्ति के परिजनों का कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान था। उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू लगाई गयी है।
पुलिस को लोगों द्वारा मिली सूचना के अनुसार मंगलवार को कर्णप्रयाग नगर में पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली, नदी के बीच एक दुर्गम चट्टान पर खड़ा था। कुछ देर बाद वह चट्टान से नदी की ओर उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा। लेकिन अलकनंदा के तेज बहाव की चपेट में आने से बह गया। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और उसकी तलाश शुरू कर दी। एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें नदी में संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार सतीश कुमार खाली अचानक घर से निकल गया था। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान था।
उधर, क्षेत्र के लोगों का कहना है कि, जिस चट्टान से सतीश नदी में उतरा वहां पहुंचना बेहद मुश्किल है। स्थानीय लोगों के अनुसार जिस चट्टान पर सतीश दिखाई दिया, वहां न तो सामान्य रास्ते से पहुंचा जा सकता है और न ही आसानी से रस्सी के सहारे वहां पहुंचना संभव है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि सतीश नदी को तैरकर उस दुर्गम चट्टान तक पहुंचा होगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार सतीश अच्छा तैराक था। चट्टान पर पहुंचने के बाद वह कुछ समय तक वहां दिखाई देता रहा। इसके बाद उसने अलकनंदा नदी में उतरकर तैरना शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह काफी दूरी तक नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया, लेकिन धीरे-धीरे नदी का बहाव तेज होता गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।
हालांकि, सतीश उस दुर्गम चट्टान तक आखिर कैसे पहुंचा। इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि उसके तैराक होने और चट्टान की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए नदी तैरकर वहां पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *