मनरेगा में बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने किया धरना-प्रदर्शन
1 min read

मनरेगा में बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने किया धरना-प्रदर्शन

अल्मोड़ा।  नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों के विरोध में सोमवार को स्थानीय चौघानपाटा में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक दो घंटे का धरना प्रदर्शन किया गया। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा जैसी ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी योजना को लगातार कमजोर किया जा रहा है। योजना के नाम में बदलाव कर महात्मा गांधी का नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो गरीबों और मजदूरों के प्रति सरकार की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत के करोड़ों गरीब परिवारों के लिए रोजगार और सम्मान का सहारा रही है, लेकिन वर्तमान में मजदूरों को समय पर काम नहीं मिल रहा और मजदूरी का भुगतान महीनों तक लंबित रहता है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा के बजट में कटौती के कारण काम के दिनों में कमी की जा रही है, पंचायतों के अधिकार छीने जा रहे हैं और तकनीकी प्रक्रियाओं के नाम पर गरीबों को परेशान किया जा रहा है। उनका कहना था कि योजना को रोजगार की गारंटी के मूल उद्देश्य से भटकाकर केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित किया जा रहा है। धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि इस आंदोलन की शुरुआत महानगरों से हो चुकी है और आने वाले दिनों में गांव-गांव चौपाल लगाकर मनरेगा में किए जा रहे बदलावों के खिलाफ जनजागरूकता और विरोध को और तेज किया जाएगा। नगर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार से मांग की कि मनरेगा में किए जा रहे सभी जनविरोधी बदलाव तत्काल वापस लिए जाएं, महात्मा गांधी के नाम और विचारों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बंद की जाए और योजना को उसकी मूल भावना के अनुरूप मजबूती से लागू किया जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों पर हमला होता रहेगा, तब तक पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। धरना प्रदर्शन में नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, दीपा शाह, पूरन रौतेला, भैरव गोस्वामी, हर्ष कनवाल, पार्षद गुंजन, दीप सिंह डांगी, कार्तिक साह, शरद चंद्र साह, पार्षद चंचल दुर्गापाल, फहीम उद्दीन, व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष सुशील साह, व्यापार मंडल उपसचिव आशीष भारती, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, पार्षद वैभव पांडे, घनश्याम गुरुरानी, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपक कुमार, शुभांशु रौतेला, अमरजीत सिंह भाकुनी, परितोष जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *