पंचक खत्म, हरिद्वार में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
1 min read

पंचक खत्म, हरिद्वार में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़

हरिद्वार। मंगलवार की रात को पंचक समाप्त होने के बाद बुधबार सुबह से कांवड़ उठाने वाले शिव भक्तों की हरिद्वार में भीड़ उमड़ने लगी है। विभिन्न माध्यमों से बड़ी संख्या में शिव भक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं।
कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर मंगलवार की शाम छह बजे तक 1.40 करोड़ कांवड़ यात्री गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए थे।एक-दो दिन के अंतराल में कांवड़ यात्रियों की संख्या और अधिक बढ़ने की उम्मीद है। हरिद्वार में जल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों को आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं है।
बुधवार सुबह वर्षा के बाद भी कांवड़ यात्रियों की यात्रा निरंतर जारी रही। कई स्थानों पर कांवड़ पटरी से हाईवे पर जाने के लिए कांवड़ यात्री और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहा कनखल का बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद के साथ पूरी तरह आबाद होने की तैयारी में है। पंचक समाप्त होते ही बुधवार से डाक कांवड़ यात्रियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू हो गए। इसे देखते हुए प्रशासन ने पहले ही बैरागी कैंप की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया था। अगले कुछ दिनों में पूरा क्षेत्र वाहनों, शिवभक्तों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार रहेगा। बैरागी कैंप हर साल डाक कांवड़ यात्रियों के लिए सबसे अहम पड़ावों में शामिल रहता है। जलाभिषेक से करीब पांच दिन पहले यहां हजारों डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया गया है। पुलिस ने पार्किंग और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की कवायद शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *