1 min read

कोबरा गैंग के दो विदेशी पैडलरों सहित तीन गिरफ्तार

देहरादून। राजपुर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोबरा गैंग से जुड़े दो विदेशी पैडलरों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 20.92 ग्राम अवैध कोकीन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े कुछ तस्कर राजपुर क्षेत्र में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जोहड़ी रोड के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों से 9.15 ग्राम और मसूरी रोड स्थित सीआईएसएफ तिराहे के निकट एक कार सवार आरोपी से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद की गई।गिरफ्तार आरोपियों में सूडान निवासी माइकल इक्का मेकसन (25), लेविकिरी वानिकी (24) और सहारनपुर निवासी जावेद आलम (37) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कोकीन दिल्ली से लाकर देहरादून में आयोजित होने वाली पार्टियों में सप्लाई की जानी थी।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी कोबरा गैंग से जुड़े 13 तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में दून पुलिस 145 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ बरामद कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *