कांग्रेस संगठन की बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध
1 min read

कांग्रेस संगठन की बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध

-राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने का आह्वान
रुद्रप्रयाग। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जखोली के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया गया। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का दावा करते हुए कांग्रेस की रीति-नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
शुक्रवार को जखोली के इंद्रनगर स्थित एक निजी होटल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह कण्डारी ने की। बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे एवं 4 जून को पौड़ी के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष कुलदीप कण्डारी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम जनता परेशान है। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। साथ ही उन्होंने रुद्रप्रयाग जनपद की दोनों विधानसभा क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों से पौड़ी पहुंचने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों पर सरकार अंकुश लगाने में असफल रही है तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल ने आरोप लगाया कि वोटर लिस्ट में एसआईआर के माध्यम से बड़े पैमाने पर नाम काटे जा रहे हैं और चुनिंदा लोगों के नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे कई लोग अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना लिया है।
ब्लॉक अध्यक्ष महावीर सिंह पंवार ने केंद्र सरकार पर निजीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने के नाम पर केवल झूठे वादे किए गए हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में विधानसभा प्रभारी अजय किशोर भण्डारी, सैनिक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष राय सिंह बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरेंद्र सकलानी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अर्जुन गहरवार, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत, सेवादल प्रदेश महामंत्री कपूर पंवार, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष शीला भण्डारी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकूर रौथाण सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *