प्रतिबंधित मांस मामलाः हिंदूवादी नेता ने पुलिस को चकमा देकर कोतवाली में किया आत्मसमर्पण
1 min read

प्रतिबंधित मांस मामलाः हिंदूवादी नेता ने पुलिस को चकमा देकर कोतवाली में किया आत्मसमर्पण

नैनीताल। मंगलवार को रामनगर मांस प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और हिंदूवादी नेता मदन जोशी ने मंगलवार को एक नाठकीय अंन्दाज में रामनगर कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस पिछले कई दिनों से मदन जोशी की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही थी। यहां तक कि मंगलवार को कोतवाली के बाहर भी गिरफ्तारी की योजना बनाई गई थी।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले से अंदेशा था कि मदन जोशी आत्मसमर्पण करने आ सकते हैं। इसलिए कोतवाली के बाहर पुलिस ने पकड़ने के लिए जाल बिछा रखा था। लेकिन मदन जोशी अलग ही रास्ते से स्कूटी पर सवार होकर सीधे कोतवाली के अंदर पहुंच गए, जिससे पुलिस को भनक तक नहीं लगी। अंदर पहुंचते ही उन्होंने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया, पुलिस के मंसूबों पर यह सीधा पानी फेरने जैसा था। आत्मसमर्पण की खबर फैलते ही कई भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और विधायक दीवान सिंह बिष्ट भी कोतवाली पहुंचे।
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मदन जोशी भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। नगर के मंडल अध्यक्ष रहे हैं. उन्होंने हमेशा कानून का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए मदन जोशी ने आज स्वयं समर्पण किया है। इससे पहले मदन जोशी ने एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया था। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे गलत और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्होंने पहले जिन लोगों के नाम पुलिस को दिए थे, उनकी अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। मदन जोशी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके परिवार को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *